दौसा में पंडित नवल किशोर शर्मा पीजी कॉलेज में एडमिशन को लेकर पहुंचे छात्रों ने हंगामा कर दिया। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज स्टाफ छात्रों से दुर्व्यवहार कर रहा है, जिसके चलते यह सारा मामला हुआ है। बुधवार को कॉलेज में एडमिशन फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि होने के चलते, कॉलेज में छात्रों की फॉर्म जमा कराने के लिए विंडो पर बड़ी संख्या में छात्रों की भीड़ लगी थी। लेकिन फॉर्म जमा कराने के लिए विंडो पर किसी भी कर्मचारी की मौजूदगी नहीं थी।
ऐसे में छात्रों ने हंगामा किया, छात्रों की माने तो फॉर्म जमा कराने वाली विंडो पर किसी कर्मचारी की मौजूदगी नहीं होने पर एक छात्र ने फॉर्म जमा विंडो पर कर्मचारी की गैर मौजूदगी के बारे में पूछा, तो एक कॉलेज लेक्चरर ने उसके साथ मारपीट कर दी। छात्र को कॉलर पकड़कर काफी दूर तक घसीटा, जिसके चलते मौके पर मौजूद अन्य छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और वे कॉलेज में हंगामा करते हुए मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए।
स्टूडेंट्स ने कॉलेज प्रशासन के ख़िलाफ हाय-हाय के नारों के साथ प्रदर्शन किया। छात्रों ने काफी देर तक कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिसकी सूचना कॉलेज प्रशासन ने थाने को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी लेकर छात्रों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने, तो उन्हें पीट पीटकर खदेड़ दिया और कॉलेज गेट से बाहर निकाला।
इस सारे घटनाक्रम पर पंडित नवल किशोर शर्मा पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी मीणा के मुताबिक, एडमिशन फॉर्म से संबंधी वेरिफिकेशन किया जा था। इस दौरान बाहर से आए कुछ उपद्रवी तत्वों ने हंगामा करते हुए अव्यवस्था करने की कोशिश की, जिसके चलते अनुशासन समिति ने उन्हें डांट लगाई थी, जिसके बाद यह सारा हंगामा बरपा है।