युवक की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के समीप एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सोमवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के बाईपास के पास स्थित एक खेत में बने कमरे की है, जहां युवक मृत अवस्था में मिला।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान वार्ड नंबर 14 निवासी बल्ली खान (28) के रूप में हुई है। कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: पीड़िता को सीतापुर से लाया दिल्ली, फिर ढकेल दिया शोषण के दलदल में; नाबालिग की आपबीती ने चौंकाया
मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इसे लेकर जिला अस्पताल में लोगों ने हंगामा कर दिया, जिससे स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए मामले की हर पहलू से जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।