छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सीआरपीएफ जवानों पर हुए नक्सली हमले में बीकानेर का जवान शहीद हो गया। बीकानेर के नोखा कस्बे का जवान जगदीश विश्नोई बीस दिन पहले ही छुट्टियों बिताकर ड्यूटी पर लौटा था। रविवार को शहीद के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों के लोगों सहित कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे।
जानकारी के अनुसार सुकमा जिले के भेज्जी से सीआरपीएफ 219 बटालियन की 60 जवानों की टुकड़ी रोड़ ओपनिंग के लिए कोत्ताचेरू की ओर निकली थी। इनमें से तीस जवानों का दल जैसे ही जंगल में घुसा नक्सलियों ने ताबड़तोड़ गोलयां चलाना शुरू कर दिया। घात लगाकर इस तरह किए हमले में 12 जवान शहीद हो गए, इनमें से एक बीकानेर के नोखा का जगदीश विश्नोई भी था। जगदीश के शहीद होने की खबर जैसे ही नोखा स्थित उसके निवास पर पहुंची तो पूरे कस्बे में गमगीन माहौल छा गया। यहां तक कि बीजेपी की जीत का जश्न मना रहे कार्यकर्ताओं ने भी शहीद के सम्मान में खुशियां मनानी बंद कर दी। आसपास के दुकानदारों ने दुकान बंद कर दी जिससे बाजार भी सुनसान हो गए।