सीकर के प्रिंस स्कूल के संचालक के ठिकानों, कोचिंग और इंस्टिट्यूट, ऑफिस और घर पर आयकर विभाग की टीमों ने छापेमार कार्रवाई की। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से शहर के कई व्यापारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। साथ ही शहर के एक ज्वैलर के ठिकानों पर भी जीएसटी टीम ने सर्वे की कार्रवाई की है।
सीकर शहर के पिपराली रोड और पालवास रोड स्थित प्रिंस स्कूल से जुड़े संस्थानों पर आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमार कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। कोचिंग क्लासेस और स्कूल, कॉलेज संचालकों में इस कार्रवाई से हड़कंप है। आयकर विभाग के अधिकारी कल प्रिंस स्कूल पहुंचे और छापे डाले।
जानकारी में आया है कि आयकर विभाग की टीम को स्कूल के अंदर भारी मात्रा में कैश भी मिला है, जिसको लेकर भी आयकर विभाग के अधिकारी कोचिंग और स्कूल से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने में जुटे हुए हैं। अब तक करीब तीन करोड़ रुपये से ज़्यादा मिलने की सूचना सूत्रों से मिली है। सूत्रों के मुताबिक रकम गिनने के लिए नोट गिनने की मशीनें लेकर बैंक कर्मियों को बुलाया गया है।
एक ज्वैलर के यहां भी जीएसटी टीम द्वारा सर्वे की कार्रवाई
वहीं शहर के एक ज्वैलर के यहां भी जीएसटी टीम द्वारा सर्वे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि दोनों ही टीमों द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। आयकर और जीएसटी अफसर कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।