सवाई माधोपुर के खंडार उपखंड क्षेत्र के कराड़की गांव में बनास नदी के किनारे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ ने भैंसों को पानी पिला रहे एक बुजुर्ग किसान पर हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कराड़की निवासी 65 वर्षीय कैलाश गुर्जर सोमवार सुबह अपनी भैंसों को पानी पिलाने के लिए गांव के पास स्थित बनास नदी पर गया था। भैंसों के पानी पीने के दौरान कैलाश खुद भी नदी में खड़ा था। इसी दौरान पानी में छिपे एक मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला बोल दिया।
मगरमच्छ के जबड़े इतने मजबूत थे कि उसने किसान के दोनों हाथों को बुरी तरह चबा डाला और जांघ व पैर को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। कैलाश की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़े और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के चंगुल से किसान को छुड़ाया। घायल अवस्था में ग्रामीणों ने कैलाश को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।