राजधानी जयपुर में गुरुवार का दिन हत्या और आगजनी के नाम रहा। जहां अल सवेरे एक व्यक्ति ने अपनी पांच साल की बेटी की आंखों के सामने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद बेटी को साथ लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने महिला की लाश कमरे में पड़े देखकर पुलिस को सूचना दी। तब सोढाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त सरवनी बर्मन के रूप में हुई है, जो कि मूल रुप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। यहां पति सजल बर्मन के साथ चंबल पावर हाउस के पास एक मकान में किराए से रहती थी। उनके एक पांच साल की बेटी भी है, जो कि वारदात के बाद से अपने पिता सजल के साथ गायब बताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि देर रात पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति बेटी को लेकर भाग निकला।
हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी है। महिला सरवनी का शव बंद कमरे में था। आज सुबह कोई कमरे से बाहर नहीं आया तब पड़ोसियों ने कमरे में जाकर देखा तो हत्या का पता चला। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या गला घोंटकर की गई है।