जिले के शाहपुरा इलाके में एक प्रोपर्टी कारोबारी के अपहरण मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश उर्फ ओमी है, जो कि जसवंतपुरा गांव का रहने वाला है। इसी गांव में परिवादी जगदीश योगी भी रहता है, जो कि जयपुर में प्रोपर्टी का कारोबार करता है। इसी प्रोपर्टी विवाद में ओमप्रकाश और पीड़ित जगदीश योगी के बीच आपसी मनमुटाव चल रहा था।
आरोप है कि करीब दस माह पहले जगदीश योगी अपनी गाड़ी से शाहपुरा से जयपुर की तरफ आ रहा था। तभी आरोपी ओमप्रकाश अपने साथियों के साथ मिलकर जगदीश का उसी की गाड़ी में अगवा कर लिया। उसे दौसा रोड पर एक होटल की तरफ ले गए। जहां दस्तावेज, गाड़ी, उनकी ज्वैलरी व अन्य सामान छीन लिए। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर जगदीश को छुड़वाया। तब से आरोपी ओमप्रकाश की पुलिस को तलाश थी।
यह कार्रवाई शाहपुरा थानाप्रभारी वीरेंद्र सिंह के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर कैलाश मीणा और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने की।