राजस्थान में कल बुधवार से 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। 2010 तक जन्म लेने वाले सभी बच्चे प्रशासन द्वारा निर्धारित केंद्रों पर जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। इसके लिए ऑफलाइन या ऑनलाइन दोनों तरह से रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है। अभिभावक अपनी सुविधा के अनुसार रजिस्ट्रेशन कराकर बच्चों को टीका लगवा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों से ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के जरिए ही कोरोना जैसी महामारी को हराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में 30 लाख से ज्यादा वैक्सीन दी हैं, इन्हें सभी जिलों में भेज दिया गया है।