राजस्थान में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण 84 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में इस घातक वायरस के संक्रमितों की कुल संख्या 3,898 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे तक उदयपुर में 40, जयपुर में 11, अजमेर में छह, चित्तौड़गढ़ में पांच, पाली में पांच, राजसमंद और जालौर में चार-चार तथा कोटा में तीन नए मामले सामने आए।
राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक कुल 108 मौत हो चुकी हैं। केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 57 हो गया है जबकि जोधपुर में 17 और कोटा में 10 रोगियों की मौत हो चुकी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर और जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।
राज्य में दिन में आवागमन के लिए अब पास की जरूरत नहीं
राजस्थान सरकार ने राज्य के भीतर ही आवागमन को सुगम बनाते हुए पास की अनिवार्यता को रद्द कर दिया है। अब राज्य में दिन में अंतर जिला एवं किसी जिले के अंदर अनुमत गतिविधियों हेतु आवागमन के लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लॉकडाउन के दौरान लोगों को पास जारी करने की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए नए दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में अंतर जिला एंव जिले के अंदर जिन गतिविधियों की अनमुति है उनके संबंध में आवागमन के लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी। लेकिन यह छूट सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक ही होगी और कर्फ्यू वाले क्षेत्रों में यह छूट नहीं मिलेगी।