कोरोना वायरस से देशभर में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक राजस्थान में गुरुवार को सुबह नौ बजे तक कोरोना वायरस के 83 और मामले सामने आए जिससे राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 6,098 हो गई है।
83 नए मामलों में से डूंगरपुर में 28, उदयपुर में 10, जयपुर में आठ, नागौर में आठ, राजसमंद में छह, बीकानेर में छह, अलवर में चार और भीलवाड़ा, अजमेर, कोटा एवं बाड़मेर में दो-दो नए मामले शामिल हैं। उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति भी यहां संक्रमित पाया गया है।
वहीं, संक्रमण से तीन और लोगों की मौत होने के मामले भी गुरुवार को सामने आए, जिससे राज्य में इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 150 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को जयपुर, भरतपुर एवं सीकर में एक-एक संक्रमित व्यक्ति की मौत के मामले सामने आए।
इससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक मरने वाले लोगों की कुल संख्या 150 हो गई है। केवल जयपुर में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 74 है, जबकि जोधपुर में 17 और कोटा में 13 रोगियों की मौत हो चुकी है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर एवं जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।