सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के लोग भिड़ गए। पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और हवा में गोली चलाई। एहतियात के तौर पर कस्बे में निषेधाज्ञा लगाई गई है और हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने 'भाषा' को आज बताया कि कल शाम कावड़ यात्रा के दौरान कुछ लोगों का डीजे बंद करवाने को लेकर कावड़ियों से विवाद हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक समुदाय के तीन युवाओं को गिरफ्तार कर लिया था।
उन्होंने बताया कि आज सुबह कस्बे के कुछ लोग मंदिर के बाहर एकत्रित हो गये और धरने पर बैठ गये। उत्तेजित लोगों को तीतर भीतर करने के लिये पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग किया और एक राउंड हवा में गोली चलानी पड़ी।
एएसपी डॉ तेजपाल सिंह ने बताया कि रविवार रात डीजे बजाने को लेकर कांवड़ियों और दूसरे समुदाय के लोगों में विवाद हो गया। इसके चलते दूसरे समुदाय के युवकों ने कांवड़ियों पर हमला कर दिया जिसमें आठ कांवड़िए घायल हो गए।
इससे पहले कांवड़ियों पर हमले के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर आज कुछ संगठन सडक़ पर उतर आए। उन्होंने घूम घूम कर बाजार बंद करवा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की और पुलिस पर ही पथराव किया।