इस पोस्टर को लेकर हो रही राजनीतिक चर्चा।
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर अधिवेशन से वापस लौटे राजस्थान सरकार के विधायकों और मंत्रियों के बीच एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। ये पोस्टर जयपुर के हर उस प्रमुख चौराहे पर लगा है जहां से विधायक और मंत्री विधानसभा जाते है। इस पोस्टर की खास बात ये है कि यह पहली बार में गलत प्रिंट हुआ लगता है और दूसरी बार पढ़ने पर लोग रुकने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
6 फीट लंबा और 5 फीट चोड़ा ये पोस्टर विधानसभा में सभी नेताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर को लगाने वाले अपने आप को मरूधरा के समस्त कार्यकर्ता बताते हैं। पोस्टर में सिर्फ चार लाइन ही लिखी हुई हैं, जिसमें सबसे पहले लिखा है।
मरूधरा की है आवाज...
राहुल गांधी जिंदाबाद
अशोक पायलट जिंदाबाद
सचिन गहलोत जिंदाबाद
इन इस पोस्टर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट की तस्वीर लगी हुई है। पोस्टर में गहलोत और पायलट एक दूसरे की ओर हाथ जोड़कर देख रहे है।
सियासी गलियारों में इस पोस्टर के अपने अपने मायने निकाले जा रहे हैं। कोई इस पोस्टर को सचिन पायलट समर्थकों द्वारा लगाए जाने की बात कह रहा है तो कोई कुछ और ही कहानी बता रहा है। कहा जा रहा है कि राजस्थान में अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ और ना ही ये होता नजर आ रहा है। इसलिए सचिन पायलट गुट की पहल है कि मुख्यमंत्री गहलोत के साथ की नाराजगी को खत्म कर एक नई शुरूवात की जाए।
पोस्टर लगाने के पीछे तर्क दिया जा रहा है कि सचिन पायलट भी राजस्थान के एक बड़े नेता हैं। ऐसे में सीधे बातचीत नहीं की जा सकती, इसलिए ये पोस्टर एक संदेश है कि गहलोत-पायलट दोनों ही राजस्थान की आवाज हैं और कांग्रेस की जरूरत भी हैं।
दूसरी तरफ गहलोत गुट के नेताओं के बीच चर्चा है कि यह तो होना ही था। हालांकि, कोई खुलकर बात नहीं करना चाहता है, लेकिन कहा ये जा रहा है कि इस पोस्टर ने बिना कुछ कहे कार्यकर्ताओं के मन की बात कह दी है। राहुल गांधी की मुहब्बत की दुकान राजस्थान में खुल सकती है।