फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lumpy virus: पशुधन का नहीं हुआ सर्वे, शेखावत बोले- लंपी वायरस से मरने वाले पशुओं के मालिकों को मिले मुआवजा

Sun, 07 Aug 2022 08:27 PM IST
उदित दीक्षित न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर

सार

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि अब तक केवल 20% पशुधन का ही सर्वे हो पाया है। जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में ही लगभग 25-30 लाख गायों की जनसंख्या है, लेकिन अब तक चार लाख के आसपास का सर्वे हुआ है।
विज्ञापन
लंपी वायरस को लेकर जोधपुर में बैठक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में फैले लंपी वायरस को लेकर रविवार को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कई जिलों के अधिकारियों से चर्चा की। जोधपुर डीआरडीए हॉल में हुई इस बैठक में पाली, जालौर, जैसलमेर और बाड़मेर सहित अन्य जिलों के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए किए गए उपायों पर फीडबैक लिया। साथ ही अधिकारियों को गांव-गांव जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए। शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से लंपी वायरस के कारण मारे गए पशुओं के पालकों और किसानों को मुआवजा देने का आग्रह किया। बैठक में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत भी मौजूद रहे।

विज्ञापन


बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए शेखावत ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान के लगभग सभी जिलों में लंपी वायरस अपना कहर बरपा है। हजारों गायों की मौत हो चुकी है। पश्चिमी राजस्थान में ही लगभग एक लाख से ज्यादा पशु इससे संक्रमित हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी की गाय मरती है तो निश्चित रूप से उसके लिए बहुत संकट पैदा होता है। इसलिए सरकार को मृतक पशुओं के मालिकों को मुआवजा देना चाहिए। हम सभी लोग सीएम को पत्र लिखकर आग्रह करेंगे कि इस पर जल्द निर्णय लिया जाए। 

शेखावत ने कहा कि हम लगातार जिला प्रशासन और राज्य सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं। इस बीमारी की किस तरह से रोकथाम की जा सके, इस विषय में निर्देश दे रहे थे। लंपी वायरस से लड़ने के लिए हमें टेक्नोलॉजी का सहारा लेना होगा। एक-एक वॉट्सएप ग्रुप पांचों जिलों में बनाया जाए, जिस पर ग्रामवासी सीधा सूचित कर सकें। वीडियो कॉल के माध्यम से गांव के जनप्रतिनिधि संक्रमित पशु का एक बार डॉक्टर से निरीक्षण कराएं और तुरंत उपचार सुनिश्चित किया जाए। 
विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री ने कहा, मीडिया और सरकारी आंकड़ों में फर्क पर फर्क है। सरकारी आंकड़ों की समीक्षा में यह विषय संज्ञान में आया है। अब तक केवल 20% पशुधन का ही सर्वे हो पाया है। जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में ही लगभग 25-30 लाख के बीच गायों की जनसंख्या है, लेकिन अब तक चार लाख के आसपास का सर्वे हुआ है। सरकार का आंकड़ा चार लाख के अनुपात में है, बाकी आंकड़ा 6-7 गुना अधिक तक हो सकता है, जो मीडिया ने अपने स्तर से इकट्ठा किया है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें