जयपुर के सिंधी कैंप में बने हाईटेक सेंट्रल बस स्टैंड का मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम कल शाम पांच बजे होगा, जिसमें परिवहन मंत्री बृजेंद्र ओला, परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव आनंद कुमार, राजस्थान रोडवेज के सीएमडी नथमल डिडेल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
दरअसल, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम का केंद्रीय बस स्टैंड सिंधी कैंप जयपुर में बनकर तैयार हो गया है। बस टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए 8 बस, यात्री शेड, बुकिंग विंडो, ऑफिस यूज के लिए बेहतरीन कक्ष, यात्रियों के लिए आधुनिक शौचालय, एयर कंडीशनर वेटिंग रूम, फूड कोर्ट और कॉमर्शियल यूज के लिए कैंपस भी बनाया गया है।
टर्मिनल कैंपस में यात्री और उनके सामान की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। हाई स्पीड WiFi सुविधा भी यात्रियों लाभ उठा सकेंगे। बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, टर्मिनल के बेसमेंट और टॉप फ्लोर्स तक जाने के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर भी लगाया गया है। इसके अलावा फायर फाइटिंग सिस्टम , वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और 15 किलो वॉट के सोलर प्लांट भी लगाए गए हैं।
बस टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण पर लगभग 28 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। लोकार्पण के दिन गुरुवार से ही यात्रियों को यहां सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी।
समारोह की अध्यक्षता परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बृजेन्द्र सिंह ओला करेंगे। लोकार्पण समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा, कृषि और पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया, पीएचईडी मंत्री महेश जोशी, खाद्य और नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, जयपुर शहर बीजेपी सांसद रामचरण बोहरा, जयपुर हेरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर, किशनपोल विधायक अमीनुद्दीन कागजी, आदर्श नगर विधायक रफीक खान, बगरू विधायक गंगा देवी मौजूद रहेंगे।