राजसमंद के भरत का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह मछली पकड़ने की जाल की नेट बांधकर गेंदबाजी की प्रैक्टिस करता नजर आया। राहुल गांधी ने भरत का वीडियो शेयर करते हुए उसकी प्रतिभा की तारीफ की थी।
राहुल गांधी भी राजसमंद जिले के गांव मोजावतों का गुड़ा निवासी और प्रतिभाशाली युवा तेज गेंदबाज भरत सिंह की प्रतिभा के कायल हो गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत से भरत की सहायता करने को कहा था। ऐसे में मुख्यमंत्री गहलोत ने भरत से मुलाकात कर उसका उत्साहवर्धन किया।
विज्ञापन
सीएम ने मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेश के उभरते हुए गेंदबाज और उनके परिजनों से मुलाकात करते हुए वर्तमान प्रशिक्षण की जानकारी ली। भरत को सवाई मानसिंह स्टेडियम में संचालित क्रिकेट एकेडमी में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। जिससे उसका हुनर निखर सके। प्रशिक्षण के साथ रहने-खाने सहित सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात के अवसर पर राजस्थान क्रिकेट एकेडमी (आरसीए) के अध्यक्ष वैभव गहलोत, गेंदबाज के पिता कालू सिंह, मामा गणेश कड़ेचा और पीटीआई लक्ष्मण गुर्जर उपस्थित रहे। गौरतलब है कि प्रतिभावान गेंदबाज भरत सिंह के वीडियो वायरल हो गया था। जिसमें वो मछली के जाल को नेट बनाकर प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहा है। राहुल गांधी ने इसी वीडियो क रिट्वीट कर उसे प्रोत्साहित किया था। आरसीए के मुख्य संरक्षक डॉ. सीपी जोशी और आरसीए अध्यक्ष ने भी राजसमंद के इस होनहार गेंदबाज का उत्साहवर्धन किया।