प्रदेश में आठ मार्च को हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में रबी की फसलों को नुकसान हुआ था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नुकसान की आवश्यकतानुसार विशेष गिरदावरी शीघ्र करवाकर किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
सीएम गहलोत ने निर्देश दिए कि प्रभावित काश्तकारों को नियमानुसार मुआवजा देने के लिए विशेष गिरदावरी का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद राजस्व विभाग ने जिला कलेक्टरों को उनके जिले में फसलों में हुए नुकसान की शीघ्र विशेष गिरदावरी करवाकर रिपोर्ट आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग को भिजवाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
कृषि विभाग की जानकारी के अनुसार 8 मार्च को हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसल खराबे के संबंध में राज्य में कार्यरत 7 बीमा कंपनियों को अभी तक कुल 2546 सूचनाएं मिली हैं। इनमें प्रमुख रूप से भीलवाड़ा से 174, बूंदी से 229, चित्तौड़गढ़ 694, झालावाड़ से 238, जोधपुर से 527, कोटा से 249 और टोंक से 297 इंटीमेशन प्राप्त हुई हैं। योजना के प्रावधानों के अंतर्गत सर्वेक्षण के दौरान पात्र पाई गई इंटीमेशन को बीमा क्लेम का भुगतान संबंधित बीमा कंपनी द्वारा किया जाएगा।