नगर परिषद ने 2023-24 के बजट को पारित करने सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर बोर्ड बैठक बुलाई थी। सत्ता पक्ष के 12 से अधिक पार्षदों एवं विपक्ष के पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार किया। इसके चलते कोरम के अभाव में 4:30 बजे सभापति ने बैठक स्थगित करने की घोषणा की। इससे पहले तीन बजे शुरू होने वाली बैठक में चार बजे तक सदस्यों के आने का इंतजार किया गया। उसके बाद सदन में मौजूद सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे।
गौरतलब है कि नगर परिषद द्वारा 2023-24 के बजट को पारित करने को लेकर विचार विमर्श करने, शहर के विभिन्न सड़कों की प्रशासनिक-वित्तीय स्वीकृति, नगर परिषद के वर्तमान भवन के बेहतर उपयोग के लिए प्लान तैयार करने, हाई कोर्ट व श्रम न्यायालय के निर्णय से जो कर्मचारी सेवापूर्ण कर सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति स्वीकृति के बारे में निर्णय करने, एमएलडी एसटीपी का ऑपरेशन एवं संचालन स्वीकृति, दो बैक होल्डर, दो डंपर वाहन क्रय करने के लिए वित्तीय स्वीकृति 1.5 करोड़ रुपये, सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए कुशल अकुशल श्रमिकों की आपूर्ति के लिए बजट स्वीकृत करने, महाराणा प्रताप स्मारक स्थापित करने के संबंध में विचार विमर्श करने को लेकर कुंभा स्टेडियम स्थित अंबेडकर भवन में सोमवार को दोपहर तीन बजे बैठक का आयोजन किया गया था।
बैठक का कांग्रेस के करीब 12 और भाजपा के 26 पार्षदों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया, बैठक में सभापति सहित 18 निर्वाचित पार्षद और चार सहवरित पार्षद सहित 22 सदस्य ही बैठक में शामिल हुए। इनमें भाजपा की सूरज बिरला भी शामिल हैं, जिसके चलते कोरम पूरा नहीं हो सका। बैठक के अभाव में बैठक को 4:30 बजे स्थगित कर दिया गया।
ये पार्षद रहे सदन में मौजूद
बैठक में सभापति मधू नुवाल, पार्षद शांति सोनी, कस्तूरी बाई, सुनीता बेरवा, रवि शंकर शर्मा, हरि गुर्जर, हंसराज नायक, मोइनुद्दीन फॉरवर्ड, लोकेश ठाकुर, मनिता दाधीच, टीकम जैन, ममता शर्मा, हेमंत वर्मा, संध्या रावल, मोहम्मद रईस, विजय गहलोत, सरूर बेगम कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों के रूप में मौजूद रहे, जबकि कांग्रेस के सर्वहित पार्षद गणेश मारु, शौकत अली, जितेंद्र मीणा, कीर्ति सुखवाल बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में भाजपा की पार्षद सूरज बिरला भी पूरे समय उपस्थित रही।
कांग्रेस के इन पार्षदों ने किया बहिष्कार
बैठक से अलग स्थान पर कांग्रेस के उपसभापति लटूर भाई, वरिष्ठ पार्षद देवराज गोचर, प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, अनवर खान, साबिर अली, इरफान इलू, समीर, अंकित बुलिवाल, निशा तंबोली, बैबी तरन्नुम, कुसुम शर्मा, आकांक्षा किराड़, दिलभर भील, सहवरित पार्षद अर्जुन डाबोडिया, राजीव लोचन गौत्तम, हेमराज मीणा, भेरूलाल महावर आदि एक फार्म हाउस पर एकत्रित हुए और उन्होंने बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। वरिष्ठ पार्षद देवराज गोचर ने कहा कि बूंदी नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड होते हुए भी कांग्रेस के पार्षदों की अनदेखी की जा रही है। और भाजपा पार्षदों के काम किए जा रहे हैं।