राजस्थान की सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को झालावाड़ जिले में एमपी बॉर्डर से लगते थाना भालता क्षेत्र में कार्रवाई कर नशे की खेप पकड़ी। टीम ने 10 चक्का ट्रक में उड़ीसा के नक्सली क्षेत्र से तस्करी कर भीलवाड़ा लाया जा रहा 105 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि सूचना के आधार पर एक विशेष टीम को झालावाड़ भेजा गया था। टीम ने एमपी बॉर्डर पर थाना भालता क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से नाकाबंदी की। इस दौरान एमपी की तरफ से आ रहे 10 चक्का संदिग्ध ट्रक आरजे 06 जीसी 7522 को रोककर तलाशी ली गई। टीम को ट्रक से गांजे के 21 पैकेट मिले। इनमें 105 किलो गांजा भरा हुआ था। टीम ने गांजे को जब्त ड्राइवर कान सिंह पुत्र किशन सिंह (39) और खालसी छोटू सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी परदोदास तहसील हुरदा भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।
डीआईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि दोनों तस्करों के विरुद्ध थाना भालता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय पुलिस पकड़े गए दोनों तस्करों से इनके नेटवर्क और पूर्व में किए गए आपराधिक कृत्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।