सेना के मृत जवान को पुष्पचक्र अर्पित करते सैन्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
चूरू के तारानगर थाना क्षेत्र के गांव ब्रह्मनगर में भारतीय सेना के जवान नरेंद्र शर्मा (40) को मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। दूधवाखारा स्टेशन से गांव ब्रह्मनगर तक तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति गीतों और भारत माता की जय के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति में रंग गया।
यह भी पढ़ें- Rajsamand News: जमीन के बंटवारे के लिए पटवारी ने मांगी 40 हजार की रिश्वत, एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया
तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह जब घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। रिटायर्ड सैनिक पिता भूराराम शर्मा पोते रजत के सिर पर हाथ फेरते हुए रो पड़े। पत्नी सुदेश कुमारी ने पति की एक झलक पाने की गुहार लगाई। मां, बहन और बेटी पलक भी बिलख पड़ीं।
सेना के ट्रक से पार्थिव देह को मुक्ति धाम ले जाया गया। तारानगर तहसीलदार शुभम शर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन दिलीप सिंह समेत कई अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित किए। बीकानेर से आए सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम संस्कार में 10 वर्षीय बेटे रजत ने पिता को मुखाग्नि दी।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: पंचायत चुनाव टालने के फैसले को पूर्व विधायक की चुनौती, सरकार को चार हफ्ते में देना होगा जवाब
अंतिम संस्कार में सरपंच राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। वहीं, गांव के लोगों ने जिले के जन प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सेना के जवान की अंतिम यात्रा में किसी बड़े जन प्रतिनिधि का नहीं आना दुखद है। दरअसल, जवान नरेंद्र शर्मा 22 मार्च 2007 में सेना में भर्ती हुए। जवान नरेंद्र शर्मा फिलहाल एफओडी बटालियन भटिंडा में पोस्टेड थे। नरेंद्र शर्मा के एक बेटा और एक बेटी हैं। जवान नरेंद्र शर्मा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और बीमारी के चलते कल इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।