राजस्थान के चूरू जिले में एक प्रेमी युगल ने करीब सात साल तक चले लव अफेयर के बाद प्रेम विवाह कर लिया। प्रेमी युगल के लव मैरिज करने की भनक परिजनों को लगी तो लड़की पक्ष के लोगों ने दोनों को गोली मारने की धमकी दे डाली। इसको लेकर प्रेमी युगल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बता दें कि चूरू में सुजानगढ़ तहसील के गांव बाघसरा पूर्वी निवासी लालचंद (24) और खारिया कनीराम निवासी मनीषा (22) ने बताया, दोनों करीब सात साल से एक-दूसरे से प्यार करते हैं। मनीषा ने परिजनों को कई बार बताया कि वह लालचंद से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है। लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं हुए। जब वो लालचंद से ही शादी करने की जिद करती तो परिजन उसके साथ मारपीट करते थे।
इस बीच 3 दिसंबर 2020 को दोनों ने घर से भागकर सुजानगढ़ कोर्ट में लव मैरिज कर ली और वहां से अपने-अपने घर चले गए। उन्होंने परिजनों को इस बारे में कुछ भी नहीं बताया। मनीषा ने बताया, जब उसके परिजन उसकी शादी के लिए रिश्ता देखने लगे तो उसने घरवालों को बताया कि उसने लालचंद से लव मैरिज कर ली है। उधर, लालचंद के परिजन भी उसके लिए रिश्ता देखने लगे। लालचंद ने बताया कि 7 सितंबर को वह मनीषा को लेकर सीकर चला गया, जहां दोनों एक-दूसरे के साथ रहे।
मनीषा के परिजनों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी है, जिसके बाद वह सुरक्षा की गुहार लगाने एसपी के पाए गए। लालचंद वेटरनरी कंपाउडर है, जबकि मनीषा ने बीएससी की पढ़ाई की है।
प्रेमी युगल ने लगाई सुरक्षा की गुहार...
हनुमानगढ़ जिले के नोहर की 21 साल की युवती और चूरू जिले के राजगढ़ तहसील के सिद्धमुख निवासी 23 साल के युवक ने लव मैरिज कर ली। युवती के परिजनों को जब लव मैरिज का पता चला तो उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी दे डाली। इस पर प्रेमी युगल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी डी आन्नद से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एसपी ऑफिस पहुंचे राजगढ़ तहसील के सिद्धमुख निवासी राकेश ने बताया, उसकी चार साल पहले नोहर की सुमन से जान पहचान उस समय हुई जब वह रिश्ते में अपनी बुआ के घर गया हुआ था। दोनों की आपस में दूर की रिश्तेदारी भी थी। दोनों समय के साथ-साथ आपस में बात करने लगे और धीरे-धीरे उनमें प्यार हो गया। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा अपने परिजनों को बताई। मगर दोनों के परिजनों ने उनकी शादी करवाने से मना कर दिया।
इसके बाद दोनों ने 11 सितंबर को घर छोड़ दिया। दोनों ने हिसार जाकर 12 सितंबर को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी की सूचना जब परिजनों को दी तो उन्होंने दोनों को जान से मारने धमकी दे डाली। इस पर दोनों अपनी सुरक्षा के लिए एसपी से गुहार लगाए हैं।