सीबीएन द्वारा जब्त कन्टेनर व बरामद डोडा चूरा
- फोटो : credit
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। भदेसर-चित्तौड़गढ़ रोड पर एक कंटेनर ट्रक से करीब 2.5 टन अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान चालक कंटेनर लेकर भागने की कोशिश करता रहा लेकिन पीछा किए जाने पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सीबीएन ने कंटेनर और उसमें भरा अवैध मादक पदार्थ जब्त कर लिया है।
सीबीएन को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर का एक कंटेनर ट्रक भदेसर क्षेत्र से मारवाड़ की ओर भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर कोटा यूनिट की टीम गठित कर संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की गई।
कुछ देर बाद टीम ने संदिग्ध कंटेनर की पहचान कर उसे रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों के रुकने के संकेत के बावजूद चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और मौके से भागने लगा। पीछा करने के दौरान सीबीएन टीम ने चेतावनी स्वरूप एक राउंड फायर भी किया, लेकिन चालक कुछ दूरी तक वाहन लेकर भाग निकला। बाद में वह कंटेनर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: आग लगने से पहले बताएगी खतरा, IIT जोधपुर विकसित कर रहा भविष्य की स्मार्ट फायर सेफ्टी तकनीक
सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने कंटेनर को मौके पर खोलने के बजाय सीबीएन कार्यालय, कोटा पहुंचाया। वहां विधिवत तलाशी लेने पर कंटेनर में 123 बोरे मिले, जिनमें कुल 2,498 किलो 960 ग्राम अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था।
सीबीएन ने पूरे मादक पदार्थ और कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप बड़े स्तर पर तस्करी के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था।
सीबीएन द्वारा जब्त कन्टेनर व बरामद डोडा चूरा- फोटो : credit