हाईवे की साइड रोड पर पिकनिक पार्टी मनाते परिवार के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
जिले के बेगूं थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर निर्धारित पार्किंग स्थल में परिवार के साथ बैठकर भोजन करने और हाईवे की यातायात व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आरोली टोल से मेनाल और लाडपुरा तक सड़क के किनारे वाहनों के सुरक्षित ठहराव के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेनाल से लाडपुरा की ओर करीब 2 किलोमीटर दूर हाईवे के दोनों तरफ भारी वाहनों के रुकने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से ले-बाय बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या के अवसर पर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही काफी अधिक थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा पार्किंग स्थल पर परिवार के साथ बैठकर भोजन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। पुलिस की जांच में सामने आया कि चित्तौड़गढ़ के शास्त्री नगर निवासी शिव माहेश्वरी ने अपने परिवार के साथ वाहन रोककर वहां भोजन किया था।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: प्रमुख पर्यटन स्थलों का 30 सितंबर तक होगा सुरक्षा ऑडिट, वीकेंड पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
पुलिस का कहना है कि पार्किंग स्थल वाहनों के सुरक्षित ठहराव के लिए बनाया गया है। व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप इस तरह बैठकर भोजन करने से संबंधित लोगों के साथ-साथ हाईवे से गुजरने वाले अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी। इसी आधार पर बेगूं थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर नियमानुसार जांच और कार्रवाई शुरू की है।
हालांकि परिवार के मुखिया शिव डाड का कहना है कि यह स्थान हाईवे का ले-बाय और रेस्ट एरिया है। परिवार के सदस्यों ने वहां करीब 15 मिनट रुककर भोजन किया था और इस दौरान वहां किसी तरह का हाईवे ब्लॉक नहीं हुआ था। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।