जहरीली गैस से छह गांवों में दहशत
- फोटो : अमर उजाला
जिले की बस्सी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सादी के छह गांवों में रविवार शाम अचानक फैली रहस्यमयी जहरीली गैस से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गैस के साथ तेज बदबू फैलने से लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन, गले में दर्द, सिरदर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। स्थिति ऐसी हो गई कि कई ग्रामीणों को मुंह पर मास्क या कपड़ा बांधकर घरों से बाहर निकलना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासन और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन देर शाम तक गैस के स्रोत का पता नहीं चल सका। करीब तीन से चार घंटे बाद हल्की बारिश होने पर बदबू धीरे-धीरे कम हुई और हालात सामान्य होने लगे।
बस्सी तहसीलदार मुकेश गुर्जर ने बताया कि रविवार शाम डूंगाजी का खेड़ा, पालेर, गोपालपुरा, मानकपुरा, सेमलिया और शादी गांवों में अचानक जहरीली गैस जैसी तेज बदबू महसूस की गई। ये सभी गांव एक-दूसरे से लगभग एक से दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। बदबू इतनी तीव्र थी कि लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना पड़ा। कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर चित्तौड़गढ़ तहसीलदार विपिन चौधरी, विजयपुर थानाधिकारी रामलाल मीणा, बस्सी और विजयपुर की मेडिकल टीमें तथा राजस्व विभाग के पटवारी और गिरदावर मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: Karauli News: सड़क पर गिरा 11 केवी लाइन का तार, करंट लगने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, बाइक जलकर राख
अधिकारियों ने ग्रामीणों की मदद से गैस के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। मेडिकल टीम ने प्रभावित लोगों का प्राथमिक उपचार किया, जबकि प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक जांच में जुटे रहे। करीब तीन से चार घंटे बाद हल्की बारिश होने से गैस की बदबू धीरे-धीरे खत्म हो गई। प्रशासन के अनुसार प्रभावित क्षेत्र के आसपास कोई ऐसी फैक्ट्री या औद्योगिक इकाई नहीं है, जिससे गैस रिसाव की आशंका हो। न ही किसी दुर्घटना की सूचना मिली है। ऐसे में गैस फैलने का कारण फिलहाल रहस्य बना हुआ है।
चित्तौड़गढ़ तहसीलदार विपिन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच के लिए कृषि विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचकर गैस के स्रोत का पता लगाएगी। फिलहाल सभी गांवों में स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।