शहर के कोतवाली थाना इलाके में सिविल डिफेंस की टीम ने 24 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव निकाल लिया। सिविल डिफेंस की टीम रविवार दोपहर से शव की तलाश में जुटी थी। शव करीब 500 मीटर दूर बहकर चला गया था, उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं है। कोतवाली थाना पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। शव की शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक के आगे से बहकर आने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी में सामने आया है कि चित्तौड़गढ़ शहर के मध्य से होकर गुजर रही गंभीरी नदी में एक महिला ने किसी को डूबते देखा था। यह महिला गंभीरी नदी पुलिया के पास चारा बेचती है। इसने किसी के डूबने की सूचना राहगीरों तथा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया। सिविल डिफेंस की टीम रविवार से ही अज्ञात युवक की तलाश में जुटी हुई थी लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।
सोमवार सुबह कोतवाली थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और नाव की सहायता से शव की तलाश शुरू की। आखिरकार दोपहर में युवक का शव पुरानी पुलिया के पास मिल गया, जिसे सिविल डिफेंस की टीम नाव की सहायता से किनारे पर लेकर आई।
शव के मिलने की खबर पर कोतवाली थाना पुलिस और डिप्टी चित्तौड़गढ़ तेज पाठक, कोतवाल संजीव स्वामी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। शव की शिनाख्तगी के प्रयास जारी है। मृतक मुस्लिम बताया गया है। ऐसे में पुलिस मुस्लिम बस्तियों में इसकी पहचान के प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि इन दिनों बरसात के चलते नदी में पानी का बहाव जारी है। ऐसे में शव के आगे से बह कर आने की संभावना जताई जा रही है।