चित्तौड़गढ़ किले में आयोजित एक कार्यक्रम में सोमवार को भाजपा विधायक विश्वराज सिंह को उनके पिता महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के पश्चात मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार का मुखिया नियुक्त किया गया।
चित्तौड़गढ़ किले के फतेहप्रकाश महल में आयोजित भव्य समारोह में भाजपा विधायक विश्वराज सिंह को पूर्व शाही परिवार का प्रमुख घोषित किया गया। इस महीने की शुरुआत में उनके पिता महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन हो गया था। इस समारोह में कई शाही परिवारों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
हालांकि, इस समारोह में पारिवारिक विवाद भी नजर आया। जिस कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। ये विवाद कानूनी नोटिस से जुड़ा था। दरअसल विश्वराज सिंह के चाचा और महेंद्र सिंह मेवाड़ के छोटे भाई अरविंद सिंह मेवाड़ की ओर से एक कानूनी नोटिस जारी हुआ। जिसमें विश्वराज को एकलिंगनाथ मंदिर और उदयपुर के सिटी पैलेस में प्रवेश पर आपत्ति जताई गई है। यह दोनों स्थल अरविंद सिंह के नियंत्रण में हैं, क्योंकि वे श्री एकलिंगजी ट्रस्ट के अध्यक्ष और मुख्य न्यासी हैं।
अरविंद सिंह ने अपने वकील के माध्यम से दो सार्वजनिक नोटिस जारी किए, जिनमें आरोप लगाया गया कि समारोह के नाम पर "अवैध अतिक्रमण" का प्रयास किया गया। नोटिस में स्पष्ट किया गया कि मंदिर और पैलेस में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जाएगा, जिन्हें ट्रस्ट अधिकृत करेगा।
नोटिस के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी पैलेस के गेट के बाहर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। नोटिस में यह भी कहा गया है कि मंदिर ट्रस्ट ने ट्रस्ट द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश देने का निर्णय लिया है। वकील ने कहा कि जबरन प्रवेश या किसी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।