जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पाली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त इनामी अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना सोजत सिटी ने गुरुवार को एनडीपीएस एक्ट सहित 3 प्रकरणों में वांछित चल रहे 25000 रूपये के इनामी अपराधी मांगीलाल को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
यह है मामला
गौरतलब है कि 20 जून 2021 को मोहनसिंह उप निरीक्षक पुलिस थाना सोजत सिटी मय जाप्ता द्वारा पुलिस थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर की अटबडा से बिलाड़ा जाने वाली रोड पर नाकाबंदी कर अटबडा से खारियानींव जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक सफेद रंग की महिन्द्रा स्कार्पियो कार की तलाशी ली गई तो उसमें कुल 404 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त भरा हुआ मिला। उक्त चेकिंग के दौरान स्कार्पियो सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए अटबडा गांव की तरफ फरार हो गए। मामले की गंभीरता को लेते हुए पुलिस थाना सोजतसिटी पर प्रकरण संख्या 166 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट व 307 भादस व 3/25 आर्म्स एक्ट में दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें कि मामले में शेष रहे किशन पुत्र हंसराज निवासी पावली थाना राशमी जिला चितौड़गढ़ राज एवं मांगीलाल पुत्र मंगलाराम जाति विश्नोई निवासी रावर थाना कापरडा जिला जोधपुर और रमेश पुत्र भींयाराम जाति विश्नोई निवासी रावर थाना कापरडा जिला जोधपुर की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक पाली द्वारा अभियुक्त किशन जाट पर 25000 रूपये, मांगीलाल विश्नोई पर 25000 रूपये एवं रमेश विश्नोई पर 10000 रूपये के ईनाम की घोषणा किए गए थे। जिनमें से मुल्जिम मांगीलाल को आज गिरफ्तार किया गया है।