राजस्थान के कोटा जिले के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल बाइक सवार राज सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मृतक राज सोनी के शव को पीएम के लिए एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राज सोनी (20) जागा बस्ती प्रेम नगर थाना उद्योगनगर का रहने वाला था। वह कोटा के सर्राफा बाजार में ज्वेलरी का काम करता था। किसी काम के चलते वह अपने दोस्त प्रिंस के साथ बाइक से सीएडी की ओर जा रहा था। इस दौरान तेज गति से आ रही तेर रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान राज सोनी की मौत हो गई।
मृतक राज सोनी के चाचा सुनील ने बताया की हादसे के 5 मिनट बाद ही वह घटनास्थल से गुजरा था। वहां लगी भीड़ देखकर वह रुका गया तो उसे मौके पर जूता पड़ा दिखा, वह जूता राज का लगा। जिसके बाद वह अस्पताल पहुचां तो वहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
सुनील ने बताया कि राज तीन बहनों का इकलौता भाई था। 13 दिन पहले ही उसकी शादी उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली मोनिका से हुई थी। मोनिका पग फेरों की रस्म करने के लिए अपने पीहर गई हुई थी। राज की मौत की जानकारी लगते ही दोनों परिवार में कोहराम मच गया। मोनिका के हाथ की अभी मेहंदी भी नहीं छूटी थी और उसके पति राज की मौत हो गई। राज कुछ दिन में ही अपनी पत्नी को पीहर से लेने जाने वाला था।