आचार संहिता लगने के बाद अब आमजन के खातों पर भी चुनाव आयोग की नजर रहेंगी। जिस भी खाते में दस लाख या इससे अधिक रुपए नकद जमा होगा, उसकी आयकर विभाग जांच करेगा।
साथ ही, हवाई अड्डे पर भी दस लाख रुपए लेकर आनेवालों की भी आयकर विभाग की ओर से कड़ी जांच की जाएगी। इस संबंध में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन ने बुधवार को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
जैन की अध्यक्षता में बुधवार को बैंक, हवाई अड्डा प्राधिकरण व आयकर विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में जैन ने निर्देश दिए कि बैंक में जिस भी खाते में 10 लाख या इससे अधिक रुपए जमा होते ही, प्रबंधक तुरंत संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) को सूचना देगा।
क्लेक्टर के आदेश पर खाते की जांच आयकर विभाग की ओर से की जाएगी। साथ ही, जैन ने हवाई अड्डा प्राधिकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि हवाई अड्डों पर नकद राशि ले जानेवालों पर कड़ी नजर रखें।
कोई भी यात्री दस लाख रुपए या इससे अधिक लेकर जयपुर या राजस्थान के किसी भी अड्डे पर पहुंचे तुरंत कलक्टर को सूचना दें, जिससे वह आयकर विभाग की जांच के दायरे में आ सके।