बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र के ईश्वर नगर में पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई को उपचार के लिए कोटा ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को डिटेन कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार ईश्वर नगर निवासी चेतराम मीणा और उसके छोटे भाई रामहेत मीणा के बीच देर रात किसी पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आए रामहेत ने अपने बड़े भाई चेतराम के सिर पर लोहे के पाइप से वार कर दिया। हमले में चेतराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग घायल चेतराम को केशवरायपाटन अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कोटा रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कोटा पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: 'अरुणाचल में भारत-चीन सैनिकों के बीच तनाव बरकरार': आईटीबीपी के डीजी ने बताई स्थिति, और क्या-क्या कहा?
आरोपी हिरासत में, हत्या का केस दर्ज
द्वितीय थानाधिकारी संतोष चन्द्रावत के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी रामहेत मीणा को डिटेन कर लिया है। मृतक के शव का कोटा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों भाइयों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।