छोटी काशी बूंदी में दीपावली के त्योहार के बीच एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गोवर्धन पूजा के दौरान पटाखे चलाते समय हुए विस्फोट में 12 वर्षीय बालक साजन की मौत हो गई। घर के पिछवाड़े पटाखे चला रहे साजन के हाथ में मौजूद स्टील के ग्लास में सुतली बम फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल बूंदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
धमाके की आवाज सुनकर दौड़े पिता, लहूलुहान मिला बेटा
जिला अस्पताल में बेटे की मौत से बदहवास पिता रामलाल कालबेलिया ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर में गोवर्धन पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान उनका 12 वर्षीय बेटा साजन घर के पिछवाड़े अकेले पटाखे चला रहा था। परिवार के अन्य सदस्य पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे। तभी अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर पिता रामलाल घबराकर घर के पिछवाड़े की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा साजन लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। बेटे की हालत देखकर पिता के होश उड़ गए। परिजनों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार मच गई।
पढ़ें: जोधपुर में आग का तांडव, बासनी के कारखाने में चार-पांच घंटे तक धधकती रही; लाखों के नुकसान की आशंका
स्टील के ग्लास में सुतली बम फटने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, साजन घर के पिछवाड़े पटाखे चला रहा था। इसी दौरान स्टील के ग्लास में सुतली बम फट गया। विस्फोट के कारण बच्चे को गंभीर चोटें आईं और उसकी जान चली गई। हालांकि, धमाके के पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। त्योहार के दौरान पटाखों के साथ इस तरह का प्रयोग कितना खतरनाक हो सकता है, यह हादसा उसकी गंभीर तस्वीर पेश करता है।
तीन भाई-बहनों में मझला था साजन
परिवार के लोगों ने बताया कि रामलाल कालबेलिया के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा दिलकुश, उससे छोटा साजन और सबसे छोटी बेटी पायल है। साजन तीन भाई-बहनों में मझला था और परिवार का बेहद लाडला था। हादसे के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के बुआ के बेटे लोकेश जोगी ने बताया कि सोमवार सुबह ही उसकी साजन से बातचीत हुई थी। उसने साजन को 10 रुपये भी दिए थे। इसके बाद वह वहां से चला गया। कुछ देर बाद ही उसे सूचना मिली कि साजन के साथ हादसा हो गया है और उसकी मौत हो गई है। इस खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। सुबह तक जिस बच्चे से परिवार के लोग हंस-बोल रहे थे, दोपहर में उसकी मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य पुलिस जाप्ते के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल सदर थाना क्षेत्र में आता है। ऐसे में सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।