जयपुर के राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर में तैनात एक बीएसएफ जवान ने ड्यूटी विवाद के कारण अपनी सर्विस रायफल से दो साथियों को सोमवार देर रात गोली मार दी। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ड्यूटी को लेकर तकरार के चलते गोली चलाने वाले जवान विमल कुमार को अन्य जवानों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। सेड़वा थाना पुलिस के अनुसार, यह घटना सीमा के नजदीक दीपला चौकी पर हुई जहां गुजरात फ्रंटियर की 115वीं बटालियन तैनात है।
आरोपी जवान विमल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल जवानों प्रकाश और पुरषोत्तम का बाड़मेर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। बीएसएफ ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं।