चित्तौड़गढ़ के जावदा थाना पुलिस और कोटा का सुकेत थाना पुलिस ने समाज के प्रति अनूठी संवेदनशीलता और मानवीय जुड़ाव की मिसाल पेश की है। जावदा थाने में कई वर्षों से भोजन बनाने का कार्य कर रहे कर्मचारी सत्यनारायण की बेटियों के विवाह समारोह में पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर मायरा की रस्म निभाई। जावदा थाना स्टाफ ने भाई का फर्ज अदा करते हुए 51 हजार रुपये नकद और वस्त्र भेंट किए। वहीं, सुकेत थाना पुलिस के करीब 40 जवानों ने बुधवार शाम सफाईकर्मी हंसराज की बेटी कविता की शादी में पहुंचकर मायरा भरा। पुलिसकर्मियों ने विवाह में 71 हजार रुपये नकद मायरे के रूप में दिए। साथ ही, थाना स्टाफ ने परिवार के सदस्यों को वस्त्र भी भेंट किए।
भाई का फर्ज और परंपरा का निर्वहन
सत्यनारायण लंबे समय से जावदा थाने की व्यवस्थाओं में निष्ठापूर्वक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उनकी बेटियों का कोई सगा भाई नहीं है, इसलिए मायरा भरने की महत्वपूर्ण परंपरा में पुलिसकर्मियों ने स्वयं आगे आकर परिवार का संबल बनने का संवेदनशील निर्णय लिया। विवाह समारोह के दौरान जब जावदा थाना स्टाफ कार्यक्रम में पहुंचा तो वहां उपस्थित महिलाओं ने मंगल गीतों के बीच जवानों का स्वागत किया। परिवार की महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाकर आभार जताया। इसके बाद जवानों ने भाई का कर्तव्य निभाते हुए 51 हजार रुपये नकद राशि और वस्त्र देकर मायरा भरा तथा नवविवाहित बेटियों को सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।
संवेदनशीलता और सामाजिक जुड़ाव की मिसाल
जावदा गांव में आयोजित इस विवाह समारोह में मौजूद सैकड़ों ग्रामीण पुलिस की इस अनूठी पहल के साक्षी बने। ग्रामीणों ने कहा कि वर्दी केवल कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के साथ गहरे भावनात्मक जुड़ाव और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। सफाईकर्मी की बेटी की शादी में सुकेत थाना पुलिस ने भरा मायरा
सफाईकर्मी को साफा पहनाया
रामगंजमंडी की सुकेत थाना पुलिस ने विवाह समारोह के दौरान पुलिस जवानों ने सफाईकर्मी हंसराज को साफा पहनाया और उनकी पत्नी को दुपट्टा ओढ़ाया। हंसराज ने भी तिलक लगाकर और माला पहनाकर सभी पुलिसकर्मियों का स्वागत किया। सफाईकर्मी हंसराज के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। बेटी कविता के विवाह समारोह में सुकेत थाना पुलिस के जवानों ने शामिल होकर इस अवसर को विशेष बना दिया।