फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़िता को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांग कर रहा था। उसने पीड़िता के नाम से ही इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी, जिसके जरिए वह उसे लगातार धमकियां दे रहा था। हैरानी की बात तो यह है कि पुलिस ने जिस आरोपी को गिरफ्तार किया है वह कोई और नहीं पीड़िता का प्रेमी ही है।
अजमेर एसपी विकास शर्मा ने बताया, 12 मई को पीड़ित युवती ने एक केस दर्ज कराया था। उसने बताया कि उसी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांग रहा है। वह उसे 5000 रुपये दे चुकी, लेकिन वह 26000 रुपये और मांग रहा है।
मामले की जांच को लेकर एक टीम बनाई गई। जांच में आरोपी की पहचान रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान व सीओ दक्षिण सुनील सिहाग के निर्देशन एवं थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। आदर्श नगर थाना पुलिस की टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी प्रेमी मकबूल खान पुत्र सुबान निवासी सूतरखाना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी मकबूल ने बताया कि 10 मई को उसकी शादी थी। घर में काम करने आए एक मजदूर के मोबाइल नंबर पर ओटीपी मंगाकर उसने अपनी प्रेमिका के नाम इंस्टाग्राम आईडी बना ली। इसके बाद उसने मौका मिलते ही पीड़िता का पर्स चुराकर उसमें से मेमोरी कार्ड निकाल लिया। जिसमें से फोटो निकालकर युवती को भेजे और बदनाम करने की धमकी देकर रुपयों की मांग कर दी।
पीड़िता ने आरोपी प्रेमी को इस बात की जानकारी दी, तो उसने उसे पुलिस के पास नहीं जाने की सलाह दी। साथ ही कहा कि उसे रुपये दे दो, उससे पीछा छूट जाएगा। इसके बाद उसने ब्लैकमेलर को रुपये देने के नाम पर युवती से रुपये ले लिए और एक फर्जी रसीद से दिखा दी।