हिंदुओं पर हो रहे जानलेवा हमले
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब मैं कॉलेज में था, तब अखबार और टीवी पर बिहार के जंगल राज की कहानी सुनी थी पर आज मैंने अशोक गहलोत का असली जंगल राज देखा है। यहां कानून व्यवस्था खत्म है। सरकार बेगुनाहों को फंसाने और गुनहगारों को बचाने का काम कर रही है। करौली हिंसा पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में हिंदुओं पर जानलेवा हमले हो रहे है। हम विरोध करने आते हैं तो लाठीचार्ज किया जाता है। पीएफआई को जुलूस की अनुमति मिलती है पर हिंदुओं को नहीं मिलती है। 300 साल पहले औरंगजेब ने मथुरा में मंदिर तोड़े थे। राजस्थान में औरंगजेब की जगह अशोक गहलोत जैसे लोग हैं, जो हिंदुओं को खत्म करने में लगे हैं।
पूनिया ने कहा-राजस्थान में बहुसंख्यक प्रताड़ित
वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि सरकार पूरी तरह फेल हो गई है। दुष्कर्म, दलित अत्याचार और सभी तरह के अपराध गहलोत राज में बढ़ गया है। राजस्थान में भी हिंदू परिवार पलायन कर रहे हैं। हम निर्दोष को बचाने की बात कर रहे हैं लेकिन राजस्थान में कोई सुनवाई नहीं है। बहुसंख्यक प्रताड़ित हो रहे हैं। 2023 में जनता सब जवाब देगी।
वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने विरोध प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को पुलिस द्वारा जबरन रोकना और हिरासत में लेना दुर्भाग्यपूर्ण और संवैधानिक अधिकारों का हनन है। कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ भाजपा का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
राठौड़ ने की निंदा
सांसद जयपुर ग्रामीण राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भाजपा मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने करौली हिंसा की निंदा की। राठौड़ ने कहा कि एक धर्म के खिलाफ काम की निंदा करता हूं। करौली जा रहे भाजपा प्रतिनिधियों को रोका गया, उसकी निंदा करता हूं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान जल रहा है। जहां भी रामनवमी का जुलूस निकाला जा रहा है, वहां धारा 144 लगाई जा रही है। इसका मतलब है कि पहले से ही एक मानसिकता है कि यह हिंदू समुदाय है और यह दंगा करेगा। राजस्थान में यह कैसे हो रहा है? यह वही कांग्रेस है जिसने 'हिंदू आतंकवाद' शब्द गढ़ा था। हमने हमेशा कहा है कि आतंक का कोई धर्म नहीं होता लेकिन यह कांग्रेस पार्टी है जिसने उस शब्द को गढ़ा है। जिस तरह से धारा 144 लागू की जा रही है, उससे मैं हैरान नहीं हूं।