राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया जयपुर एयरपोर्ट से गाड़ी चलाकर भाजपा युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को लेकर जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचे, जहां तेजस्वी सूर्या और पूनिया ने अस्पताल में भर्ती करौली हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की।
इसके बाद सतीश पूनिया और तेजस्वी सूर्या करौली जाएंगे, जहां वे हिंसा पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। राजस्थान दौर पर आए युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने एसएमएस अस्पताल में बाड़ी एईएन से भी मुलाकात की। जिससे बाड़ी में मारपीट की गई थी।
एसएमएस अस्पताल से बाहर आते हुए तेजस्वी ने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत का जंगल राज है। जिसका प्रमाण एईएन है। जिसको कांग्रेस विधायक ने जानवरों की तरह मारा है। एईएन कि अब तक सर्जरी नहीं हो पाई है क्योंकि उसकी स्थिति समान्य नहीं हो रही है। लालू के जंगल राज के बारे में सुना था, आज मैंने अशोक गहलोत के जंगल राज को देखा है। गहलोत के जंगल राज का युवा मोर्चा और बीजेपी विरोध करेगी और उग्र प्रदर्शन के रूप में विरोध किया जाएगा।
राजे कल पहुंची थी करौली
वसुंधरा राजे ने मंगलवार को नवसंवत्सर के अवसर पर करौली में हुए दंगा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। राजे ने कहा कि घटनास्थल और पीड़ितों से मुलाकात से यह तो स्पष्ट हो गया कि शांति पसंद करौली कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ही जला था। भगवा तो भगवान का रंग है। यदि आज कांग्रेस भगवा से परहेज कर रही है तो क्या कल भगवान से भी परहेज करेगी?
न्याय नहीं दंगा यात्रा है ये बीजेपी के पेट में दर्द हो रहा है कि राम नवमी पर दंगा क्यों नहीं हुआ: प्रताप सिंह खाचरियावास
मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजयुमो के न्याय यात्रा पर टिप्पणी की है। खाचरियावास ने कहा कि ये कोई न्याय यात्रा नहीं है। इनके पेट में दर्द है कि रामनवमी पर दंगा क्यों नहीं हुआ।
मंत्री ने कहा कि जब करौली में सब कुछ ठीक हो गया तो भाजपा यात्रा निकाल रही है। ये चाहे कितना भी कुछ करे पर हम पर राम जी की कृपा और आशीर्वाद है। हम राम जी के वंशज है। ये कितना भी प्रयास कर ले पर कामयाब नहीं होंगे। यहां के नेता फेल हो गए तो अब दिल्ली से नेता बुलाकर दंगों को हवा दे रहे है। राम जी इनके अकेले के नहीं है हमारे भी है।