भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को कहा कि कर्नाटक में मंत्रिमंडल के गठन के बाद पार्टी नया मिशन शुरू करेगी। जयपुर में रविवार को विजयवर्गीय ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कर्नाटक में मंत्रिमंडल गठन के बाद नया मिशन शुरू करेंगे। उन्होंने जयपुर भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम देखा।
कांग्रेस शासित मध्य प्रदेश में वर्तमान राजनीतिक स्थिति के प्रश्न पर विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार गिराने की हमारी कोई इच्छा नहीं है, पर कांग्रेस के विधायकों में भी इस प्रकार की अनिश्चितता है। विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों को गिराने की हमारी इच्छा नहीं है लेकिन कांग्रेस की सरकार अपने कर्मो से और उनके कारणों से गिर रही है।
कांग्रेस को अपने नेतृत्व पर विश्वास नहीं
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को अपने नेतृत्व पर विश्वास नहीं है और उनकी गुटबाजी से वो खुद ही दुखी हैं। ऐसे में उन्हें लगता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व बहुत अच्छा है। जयपुर में भाजपा मुख्यालय में विजयवर्गीय ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान पार्टी मुख्यालय पर प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी सुना।