भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में पेपर लीक, बिगड़ी कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और किसान कर्जमाफी सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा युवा मोर्चा मार्च के पहले सप्ताह में विधानसभा का घेराव करेगा। शनिवार को आंदोलन की तैयारियों को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने बैठक ली। बैठक में पदाधिकारियों को आंदोलन को लेकर कुछ दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पूनिया ने कहा कि, प्रदेश में कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार के कुशासन से आमजन परेशान है। नौजवान हैरान, निराश और आक्रोशित है जो कांग्रेस सरकार की विदाई के लिए तैयार है।
भाजपा ने कई बार सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस सरकार के कुशासन खिलाफ आंदोलन और धरना प्रदर्शन कर मजबूती से लड़ाई लड़ी। अब युवा मोर्चा एक बार फिर सड़क पर उतरकर राज्य की युवा और किसान विरोधी कांग्रेस सरकार को जगाने का काम करेगा।
कांग्रेस सरकार के साढ़े 4 साल के शासन पर पेपर लीक काला धब्बा है। इनके शासन में 18 से अधिक बार पेपर लीक चुके हो चुके हैं, जिसमें सरकार में बैठे लोगों के तार पेपर लीक माफियाओं से जुड़े हुए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री गहलोत उन्हें संरक्षण देने का काम कर रहे हैं, जबकि उन्हें पेपर माफियाओं पर शिकंजा कसकर युवाओं को न्याय देना चाहिये। माफिआयों पर कार्रवाई नहीं होने से बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं। इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कांग्रेस सरकार ने नौजवानों के सपने तोड़ने का काम किया है। पेपर लीक होने से प्रदेश का युवा अवसाद में जाकर आत्महत्या कर रहा है।
पेपर लीक, बिगड़ी कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, माफिया और गैंगस्टर का बढ़ता आतंक और किसान कर्जमाफी कांग्रेस सरकार के पतन के बड़े कारक होंगे। जिससे हमेशा के लिए राजस्थान से कांग्रेस का अंत हो जाएगा।