राजस्थान कांग्रेस में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मंत्री सचिन पायलट के बीच घमासान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुटकी ली है। उन्होंने पायलट के भाजपा में आने से जुड़े सवाल पर कहा कि सचिन पायलट का टिकट वेटिंग में है। कंफर्म नहीं हुआ है। उन्होंने राष्ट्रपति चुनावों पर भी कह दिया कि हमने तो उम्मीदवार तय कर लिया है। सरप्राइज तो मीडिया के लिए होगा।
नड्डा ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने जयपुर में थे। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा की। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अगले साल होने वाले चुनावों में भाजपा की ही सरकार बनेगी। चेहरा हमने तय कर लिया है, बस आपको नहीं बताया है। सही समय आने पर मुख्यमंत्री के चेहरे का नाम भी साफ हो जाएगा। सबको पता चल जाएगा कि हम किसे प्रोजेक्ट कर रहे हैं। उन्होंने संकेतों में यह भी साफ कर दिया कि बात सरकार की हो या संगठन की, पदाधिकारियों के नाम तय हैं। सही समय पर उन्हें सामने लाया जाएगा। वहीं, राज्यसभा चुनावों के मसले पर कहा कि अभी चर्चाओं का दौर चल रहा है। फाइनल लिस्ट होते ही जारी की जाएगी।
महिलाओं को आरक्षण देने के मसले पर उन्होंने सीधे-सीधे कह दिया कि संगठन में हम महिलाओं को 33% आरक्षण दे रहे हैं। जहां तक टिकट का सवाल है तो वह जीतने वाले उम्मीदवारों को ही देते हैं। अगर उम्मीदवार जीत सकता है तो टिकट जरूर मिलेगा। सिर्फ आरक्षण की शर्त को पूरा करना चुनाव में कैसे संभव होगा?