भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने प्रदेश में आए तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार सर्वे कराकर लोगों को मुआवजा दे और लोगों को राहत पहुंचाए।
रामलाल शर्मा ने कहा कि तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से प्रदेश में सिर्फ पशुओं की हानि नहीं हुई है, बल्कि जनहानि भी हुई है। प्रत्येक व्यक्ति को कोई न कोई नुकसान जरूर हुआ है। चाहे दीवार, टीन शेड या पेड़ गिरने के मामले हों प्रदेश के लोगों को भयंकर नुक़सान हुआ है। सरकार यदि संवेदनशील है, तो तत्काल सर्वे करवाकर मुआवजे की घोषणा करें और जनता को राहत पहुंचाने का काम करे।
रामलाल शर्मा ने कहा इससे पहले प्रदेश के किसानों को ओलावृष्टि और शीत लहर की वजह से नुकसान हुआ था। लेकिन सरकार ने इसकी गिरदावरी नहीं कराई, जिससे किसानों को राहत नहीं मिली।
गुरुवार को प्रदेश में आए आंधी-तूफान के कारण प्रदेश के कई लोग हताहत हुए हैं और पशु हानि भी हुई है। भाजपा मांग करती है कि सरकार जल्द से जल्द सर्वे करवाकर लोगों के नुकसान की भरपाई करे।