राजस्थान सहित देश के 16 राज्यों में बिजली संकट बना हुआ है। इस कारण से ज्यादातर प्रदेशों में कटौती की जा रही है। राजस्थान में हो रही बिजली कटौती को लेकर भाजपा प्रदेश सरकार पर हमलावर है। इस बीच शनिवार को बीकानेर पहुंचे ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने भाजपा को इस मुद्दे पर राजनीति से बचने की सलाह दी।
भाटी ने कहा कि भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार से राजस्थान को कोयला दिलवाने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में राजस्थान में जरूरत से ज्यादा बिजली उत्पादन हो रहा है, लेकिन 50 बिजली का इस्तेमाल औद्योगिक गतिविधियों में हो रहा है। साथ ही प्रदेश में हो रही भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। हम जितना उत्पादन करते हैं उससे कहीं ज्यादा बिजली की खपत हो रही है।
मंत्री ने बताया कि संभाग मुख्यालयों पर एक घंटे, जिला मुख्यालयों पर दो घंटे बिजली कटौती करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं जयपुर में सुबह 7 से 8 बजे तक और बाकी संभाग मुख्यालयों पर सुबह 8 से 9 बजे तक बिजली कटौती की जा रही है। अस्पताल और जरूरी सेवाओं को इस आदेश के बाहर रखा गया है।