भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो अप्रैल को सवाई माधोपुर आने वाले हैं। उनके आगमन को लेकर जिले के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों की बैठक आलनपुर स्थित एक गार्डन में संपन्न हुई।
जिला महामंत्री आचार्य लोकेंद्र शर्मा और जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सवाई माधोपुर आगमन पर तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए राजस्थान भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक ली। प्रदेश संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिनेत्र गणपति की भूमि पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत होना चाहिए।
सवाई माधोपुर को भाजपामय बनाने की तैयारी
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजनीति हमारे लिए सेवा कार्य है और सफलता को विनम्र सेवा भाव से लेते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम सवाई माधोपुर में सांस्कृतिक और राष्ट्रीय भाव से आयोजित करने का आग्रह किया है। संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के अभियान कार्य को भी हमें पूरी ईमानदारी के साथ पूर्ण करना है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष और भरतपुर संभाग के प्रभारी मुकेश दाधीच ने सभी मोर्चा मंडल को लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि संख्या के साथ-साथ सवाई माधोपुर को भाजपामय बनाना है।
भव्य स्वागत की तैयारी
बैठक में प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि कार्यक्रम को यादगार पूर्ण बनाना है। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र मीणा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में विशिष्ट जन सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए सवाई माधोपुर के जिला अध्यक्ष भरतलाल मथुरिया ने कहा कि माधोपुर एक देवभूमि है तो दूसरी ओर यह पिछड़ी जातियों के संगम की भूमि है, जहां राष्ट्रीय संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य और आत्मिक स्वागत किया जाएगा ।