पीबीएम अस्पताल में डॉक्टर के साथ मारपीट के बाद बवाल
- फोटो : अमर उजाला
संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रेजिडेंट डॉक्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद शनिवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी, जिससे ट्रॉमा सेंटर की चिकित्सा सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं।
जानकारी के अनुसार देर रात सड़क हादसे में घायल एक युवती को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रतिभा अन्य मरीज के सीटी स्कैन संबंधी कार्य के लिए स्कैन रूम पहुंचीं। इसी दौरान घायल युवती भी वहां पहुंच गई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: पहले टेंपो रुकवाया, फिर कार में बंधक बनाकर लूटे दो लाख; नदी के पास रस्सी से बंधा मिला पीड़ित
आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने रेजिडेंट डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर का स्टाफ मौके पर पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में वरिष्ठ चिकित्सकों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
घटना से नाराज रेजिडेंट डॉक्टरों ने शनिवार सुबह कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसके चलते सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, ऑर्थोपेडिक सहित ट्रॉमा सेंटर की विभिन्न सेवाएं प्रभावित हुईं। डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। बाद में अस्पताल प्रशासन और रेजिडेंट डॉक्टरों के बीच हुई वार्ता के बाद मामला शांत हो गया और डॉक्टर वापस काम पर लौट आए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।