जिले के खाजूवाला में दो पक्षों के बीच आपसी लड़ाई की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। दरअसल खाजूवाला पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना इलाके के चक 3 केएलडी में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार सुखवीर धानका निवासी वार्ड क्र. 19 सादुलशहर का कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो गया। धानका ने पुलिस में रिपोर्ट दी कि रामकिशन कुम्हार, शंकरलाल, हनुमान, बीरबल कुम्हार, देवीलाल, रामकुमार तेतरवाल, कुलदीप बराड़ ने उसके खेत में आकर हमला कर दिया है।
दूसरी तरफ रामकिशन कुम्हार निवासी 3 केवाईडी का आरोप है कि सुखवीर धानक, माया, विशाल, मोहनलाल, मनमोहन नायक, तोपनराम ने उनके घर में घुसकर मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो झगड़ा कर रहे लोगों ने पुलिस जीप पर ही हमला कर दिया गया। इस हमले में पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। खाजूवाला पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।