मलबे से घायलों को बाहर निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर कोतवाली के पास मदान मार्केट में बुधवार सुबह तेज धमाके के बाद सनसनी फैल गई। धमाका इतना तगड़ा था कि इसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी। बताया गया कि ये धमाका एलपीजी सिलेंडर में हुआ है। धमाका इतना बड़ा था कि इससे दुकान की छत ढह गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा घायलों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना के बाद जिला कलेक्टर नमृता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर भी मौके पर पहुंच गए है। घटना के कुछ ही देर बाद एसडीआरएफ, दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच थीं।
ये भी पढ़ें-
Operation Sindoor: एयर स्ट्राइक के बाद राजस्थान में अलर्ट, सीमा इलाके सील, स्कूल बंद; घरों में रहने के निर्देश
जानकारी के अनुसार शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी मेकिंग दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट की बड़ी घटना सामने आई है। हादसा उस समय हुआ जब दुकान में काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह इलाका ज्वेलरी मेकिंग का प्रमुख केंद्र है, जहां कई दुकानों में गहनों का निर्माण कार्य होता है। धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 12 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान सलमान, सचिन और मोहम्मद असलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक की इस बिल्डिंग में दुकान थी और बाकी दो यहां मजदूरी कर रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मलबे कई लोग दब गए थे। कोतवाली थाने की नाक के नीचे रिहायशी इलाकों में इतनी बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर का मिलना कहीं ना कहीं जिला प्रशासन को सवालों के घेरे में खड़े करता है।
एनडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। प्रशासन ने आसपास के घरों को भी खाली करवाया है। हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलेंडर ब्लास्ट किन परिस्थितियों में हुआ।