बीकानेर के मदान मार्केट में बुधवार को हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। इसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनका इलाज चल रहा है। गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने के कारण यहां की पांच मंजिला इमारत की छत ढह गई थी। इसकी वजह से कई लोग मलबे में दब गए थे जिन्हें घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला गया। रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक चलता रहा। शुरुआत में दो लोगों की पुष्टि प्रशासन ने की थी। बाद में एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमों ने मलबे से तीन और शव निकाले। इनकी पहचान किशन, सोनू और रामस्वरूप के रूप में हुई है, जो देशनोक के रहने वाले थे।
ब्लास्ट के कारण मदान मार्केट की 21 दुकानें पूरी तरह से टूट गई। दुकानदारों का कहना है कि धमाके के साथ ही आग लग गई थी, जिससे कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्लास्टिक की चीजें जलकर राख हो गईं। प्रशासन इस पूरी घटना की जांच कर रहा है। प्राथमिक तौर पर दुकान मालिक की लापरवाही सामने आ रही है।
यह भी पढ़ें: एक घंटे तक रणथंभौर रोड पर घूमती रही बाघिन, वन विभाग की निगरानी में जंगल भेजा
चश्मदीद बोले - धुएं के बीच कुछ नहीं दिखा
घटनास्थल के पास एक दुकानदार ने कहा कि धमाका इतना जोरदार था कि कुछ समझ में नहीं आया। चारों ओर धुआं ही धुआं था और लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं। एक और प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि राहत कार्य में थोड़ी देरी हुई, जिससे घायलों की हालत और खराब हो गई।
यह भी पढ़ें: रेतीले धोरों में मिली बम जैसी संदिग्ध वस्तु, इलाके में मचा हड़कंप, प्रशासन अलर्ट मोड पर
राहत और मुआवजे की मांग
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से नुकसान का सही हिसाब करने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल इलाके को सील कर दिया गया है।