स्कूल में कुत्तों के हमले से मासूम बच्चे की हालत गंभीर
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर जिले के श्री डूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव ऊपनी स्थित स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में मंगलवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई। स्कूल के मुख्य गेट के अंदर ही 4 वर्षीय मासूम रामू पर कुत्तों ने हमला कर दिया। घायल अवस्था में बच्चे को तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहले दिन स्कूल पहुंचा था बच्चा
जानकारी के अनुसार, रामू अपने बड़े भाई के साथ पहली बार स्कूल गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद वह कक्षा से बाहर निकल आया। आरोप है कि उस समय स्कूल का मुख्य गेट खुला था और वहां कोई गार्ड मौजूद नहीं था। इसी दौरान गली के कुत्ते स्कूल परिसर में घुस आए और बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे की चीखें सुनकर एक ग्रामीण मौके पर पहुंचा और उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे।
पढ़ें- सोनम वांगचुक: रिहाई को लेकर जेल के बाहर प्रदर्शन की तैयारी, पुलिस बैरिकेडिंग से दफ्तरों तक प्रभावित आवागमन
सिर पर गहरे घाव, लंबा चलेगा इलाज
डॉक्टरों के अनुसार बच्चे के सिर पर गहरे घाव हैं, जिनकी बार-बार सफाई करनी होगी। चिकित्सकों ने उपचार लंबा चलने की संभावना जताई है। अस्पताल में बच्चे की निगरानी की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि यदि स्कूल प्रशासन ने पहले से कुत्तों की समस्या को लेकर प्रशासन को अवगत कराया था, तो प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। मुख्य गेट खुला क्यों था और वहां सुरक्षा कर्मी की तैनाती क्यों नहीं थी, इसे लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।