बीकानेर जिले में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। श्री डूंगरगढ़ क्षेत्र के शेरूणा थाना इलाके में लिखमीसर दिखनादा की रोही में सड़क किनारे खड़ी बोलेरो और पास ही खेजड़ी के पेड़ से लटके युवक और महिला के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एक-दूसरे के थे परिचित
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान कितासर बिदावतान निवासी सुरेंद्र उर्फ सुंदर मेघवाल और बंडूआ निवासी कालीदेवी के रूप में हुई है। दोनों विवाहित थे। कालीदेवी चार बच्चों की मां थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का परिवार सुरेंद्र के खेत में काश्तकारी का कार्य करता था, जिससे दोनों एक-दूसरे के परिचित थे।
60 किलोमीटर दूर पहुंचे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, दोनों अपने-अपने घरों से निकलकर करीब 60 किलोमीटर दूर इस सुनसान स्थान पर पहुंचे थे। घटनास्थल के पास खड़ी बोलेरो से दोनों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, वाहन से शराब की खाली बोतल मिलने के बाद मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं पर जांच
घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रेम प्रसंग सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही चल सकेगा।
ये भी पढ़ें-
हाथों में रचनी थी हिना, लगी हथकड़ी: शादी करने न्यूजीलैंड से भारत आए NRI पर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस क्या बोली?
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
सूचना मिलने पर शेरूणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।