भारी सख्ती के बाद परीक्षार्थियों को मिली एग्जाम हॉल में एंट्री
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर जिले में आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा और सख्ती के बीच हुई। 23 परीक्षा केंद्रों पर करीब 9 हजार अभ्यर्थियों के लिए प्रशासन और पुलिस ने कड़े इंतजाम किए। प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की ऐसी जांच हुई कि कई परीक्षार्थियों को अपने कपड़े तक बदलने पड़े।
महिला उम्मीदवारों को काटने पड़े कुर्तों के आस्तीन
महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले पूरी आस्तीन वाले कुर्तों की आस्तीन काटनी पड़ी। यही नहीं, सुरक्षा जांच के दौरान उनके हाथों और गले में बंधे मौली व धागे तक उतरवा दिए गए। प्रशासन का कहना था कि किसी भी हाल में संदिग्ध सामग्री अंदर नहीं जाने दी जाएगी।
पुरुषों को उतारनी पड़ी फुल बाजू शर्ट, जींस से निकाले गए बटन
पुरुष अभ्यर्थियों को भी परीक्षा केंद्रों पर सख्ती झेलनी पड़ी। कई जगहों पर उनसे फुल बाजू की शर्ट उतरवाई गई, वहीं कुछ को जींस के मेटल बटन हटवाने के बाद ही प्रवेश दिया गया। हर उम्मीदवार को विशेष बायोमेट्रिक सिस्टम और मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया।
यह भी पढ़ें- जासूसी कैमरा विवाद: विधानसभा स्पीकर पर डोटासरा के गंभीर आरोप, ‘ऐसे शख्स को डूबकर मर जाना चाहिए’; क्यों कहा?
सघन सुरक्षा व्यवस्था की हाई-लेवल मॉनिटरिंग
इतनी सख्त व्यवस्था पहली बार लागू की गई है। हर परीक्षा केंद्र की जिम्मेदारी एएसपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई। आईजी हेमंत शर्मा और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने खुद पूरी व्यवस्था की निगरानी की। इसके अलावा, रेंज में 77 मोबाइल टीमें लगातार गश्त और निगरानी में जुटी रहीं।
पारदर्शिता और निष्पक्षता पर प्रशासन का दावा
प्रशासन का कहना है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में कराई जा रही है। दो दिन तक चलने वाली इस परीक्षा को लेकर अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि सुरक्षा इंतजामों की वजह से किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना नहीं रहेगी।
यह भी पढ़ें- Udaipur News: औरंगजेब था कुशल... महाराणा प्रताप-अकबर पर सुखाड़िया विवि की कुलगुरु के बयान पर बवाल, ABVP भड़की