सार
बीकानेर के खाजूवाला में सरसों चोरी के फरार आरोपी गजेंद्र सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस को नहर में उतरना पड़ा। पुलिस को देखकर आरोपी ने अनूपगढ़ शाखा नहर में छलांग लगा दी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पानी के बीचोंबीच दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है।
नहर में छलांग लगाकर भी नहीं बच पाया चोर, पुलिस ने दबोचा
- फोटो : Amar Ujala
बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में सरसों चोरी के एक आरोपी की गिरफ्तारी किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं रही। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने बचने के लिए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन पुलिस टीम ने भी साहस दिखाते हुए उसके पीछे पानी में उतरकर उसे पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, खाजूवाला निवासी सुखदेव नारायण कुमावत ने 31 मार्च 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी दुकान के बाहर रखे सरसों के तीन कट्टे रात के समय चोरी हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने अमित विश्नोई, मंगल सिंह और गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू के नाम सामने आए। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गजेंद्र सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
फरार आरोपी की तलाश के लिए सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी। खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और अनूपगढ़ शाखा नहर में छलांग लगा दी। आरोपी को भागता देख पुलिसकर्मियों ने भी बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी।
ये भी पढ़ें-
‘जिन्होंने विधानसभा भेजा, उनके लिए आखिरी सांस तक लड़ूंगा’: रविंद्र भाटी ने भरी हुंकार; अब क्या होगा अगला कदम?
पानी के बीच चला पीछा, फिर गिरफ्तारी
कुछ देर तक नहर के भीतर पीछा और संघर्ष चलता रहा। आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी को काबू कर लिया और सुरक्षित बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है, जिसके आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं।