बीकानेर में छात्रसंघ चुनावों की बहाली की मांग तेज हो गई है। एनएसयूआई के बाद अब एबीवीपी से जुड़े छात्र नेताओं ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को डूंगर कॉलेज में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और बाद में हाईवे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंका।
बीकानेर जिले में छात्रसंघ चुनावों की बहाली को लेकर छात्र संगठनों का आंदोलन अब तेज़ होता जा रहा है। एनएसयूआई के बाद अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्र नेताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन पर छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराने का दबाव बनाया।
विज्ञापन
प्रदर्शन के बाद छात्र महाविद्यालय परिसर से नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और वहां पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला फूंकते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार द्वारा छात्रसंघ चुनावों पर लगाई गई रोक से छात्र लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि वर्तमान सत्र में छात्रसंघ चुनाव कराए जाएं।
इस दौरान छात्रों ने कुछ देर के लिए हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब छात्रों को हटाने की कोशिश की तो छात्रों और पुलिस के बीच तनातनी की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने कुछ छात्र नेताओं को जबरन गाड़ियों में बैठाकर हिरासत में लिया, जिस पर अन्य छात्रों ने विरोध प्रदर्शन और तेज कर दिया।
एबीवीपी नेताओं का कहना है कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने अभद्र व्यवहार करते हुए कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद छात्रों में गहरा आक्रोश देखा गया। छात्र नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।